रामगढ़ : आंगनबाड़ी केंद्रों में दैनिक भोजन मेनू अंकित कराने की मांग, JLKM ने उपायुक्त को सौंपा जनहित का मुद्दा
रामगढ़ :- झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के रामगढ़ जिला प्रवक्ता पांडव कुमार महतो के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जनता दरबार के माध्यम से रामगढ़ के उपायुक्त महोदय से मुलाकात कर जिले के सभी संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में दैनिक भोजन का मेनू स्पष्ट रूप से अंकित कराने की मांग की। इस दौरान जिला प्रवक्ता पांडव कुमार महतो ने कहा कि रामगढ़ जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में दैनिक भोजन का मेनू अंकित नहीं है या इसकी व्यवस्था बहुत कम देखने को मिलती है। इसके कारण आम जनता और बच्चों के अभिभावकों को यह जानकारी नहीं मिल पाती है कि किस दिन बच्चों को कौन-सा भोजन दिया जाना है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार बच्चों को केवल खिचड़ी खिलाकर घर भेज दिए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। यदि भोजन का निर्धारित मेनू केंद्रों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रहेगा, तो अभिभावक भी इसकी जानकारी रख सकेंगे और भोजन व्यवस्था की निगरानी में सहयोग कर पाएंगे। JLKM की ओर से मांग की गई कि रामगढ़ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित दैनिक भोजन मेनू को प्रमुख स्थान पर अंकित कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन मिल सके। इस पर उपायुक्त महोदय ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल कर इसे दूर करने का आश्वासन दिया। JLKM ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन व्यवस्था अधिक पारदर्शी हो सके और बच्चों के पोषण संबंधी हितों की रक्षा सुनिश्चित हो।
प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से जिला सचिव अमरदीप चौधरी, जिला कार्यकारिणी सदस्य तपन कुमार महतो, प्रखंड सचिव परमेश्वर महतो, उतम कुमार महतो समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो ने दिया।
