सरायकेला : चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा का गठन, जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं करने से होगा उग्र आंदोलन
सरायकेला : वर्ष 2024 में उपायुक्त कार्यालय (सरायकेला-खरसावां) द्वारा निकाली गई चौकीदार भर्ती प्रक्रिया में हो रही अत्यधिक देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर 'चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा का गठन किया है। मोर्चा के बैनर तले अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि आगामी 30 सितंबर को झारखंड उच्च न्यायालय (रांची) में होने वाली सुनवाई में कोई ठोस निर्णय नहीं आता है, तो वे सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे।
गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिले में वर्ष 2024 में जिला प्रशासन द्वारा चौकीदार की 357 पदों की बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। जिसमें पूरे जिले से 15,000 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है । फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी मामला कोर्ट में लंबित होने के कारण आगे की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। झारखंड के बाकी जिलों में पुराने अवैतनिक चौकीदारों को लिखित व शारीरिक दक्षता परीक्षा में 2 अंक अतिरिक्त दिये जाने की प्रावधान पर बहाली प्रक्रिया संपन्न हो गयी है, लेकिन सरायकेला खरसावां जिले में पुराने अवैतनिक चौकीदारों की सीधी भर्ती की मांग उठाकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। जिससे लगातार केवल अगली तारीखें दी जा रही हैं, लेकिन मामले की मुख्य सुनवाई और निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे सैकड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
संघर्ष मोर्चा की मुख्य मांग यह किया जा रहा है कि बाकी जिलों की तरह यहाँ भी जल्द से जल्द सुनवाई कर मामले का शीघ्र निष्पादन किया जाए और भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाया जाए ।
