चांडिल: भाजपा सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश के सह-संयोजक तन्मय झा और चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीरज पिरदर्शी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हुए समाजहित के कार्यों से जोड़ना है। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच नवाचार के प्रति उत्साह देखने को मिला। युवाओं की नई सोच और समाज के विकास में योगदान देने की भावना की सराहना की गई।
भाजयुमो के सरायकेला-खरसावां जिला मंत्री आकाश महतो ने कहा कि सेवा, नवाचार और युवा शक्ति नए भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। युवाओं की प्रतिभा को सेवा के माध्यम से समाज के विकास से जोड़ना ही सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों और रचनात्मक पहल के प्रति प्रेरित किया गया।
