रामगढ़ : होमगार्ड जवानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे: टाइगर जयराम महतो
होमगार्ड जवानों के अधिकारों की लड़ाई में JLKM मजबूती से उनके साथ: सुरेंद्र महतो
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी रामगढ़ के जिला सचिव सुरेंद्र महतो ने कहा कि धनबाद मे झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी जी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने JLKM केंद्रीय अध्यक्ष सह डूमरी विधायक माननीय टाइगर जयराम महतो से मुलाकात कर राज्य के करीब 22 हजार होमगार्ड जवानों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।प्रतिनिधिमंडल ने होमगार्ड जवानों को महंगाई भत्ते से जोड़ने, आठवें वेतन आयोग का लाभ देने, 365 दिन ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा भविष्य निधि (PF) का लाभ देने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोरोना महामारी, बाढ़, आपदा, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परिस्थितियों में होमगार्ड जवान पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें सालभर रोजगार से वंचित रखना उचित नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि एक ओर मॉडल बिल कानून बनाने पर विचार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर 365 दिन ड्यूटी सुनिश्चित करने की मांग पर आपत्ति जताई जाती है—यह कैसा न्याय है? टाइगर जयराम महतो ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और होमगार्ड जवानों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। विभाग की ओर से जवानों के साथ हो रही अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा। टाइगर जयराम महतो ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि होमगार्ड जवानों को उनका हक और जरूरी सुविधाएं दिलाने के लिए सड़क से सदन तक मजबूती से आवाज उठाऊंगा। उनके अधिकारों की लड़ाई में हर कदम पर मजबूती से उनके साथ खड़ा रहूंगा। होमगार्ड जवानों का सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।
