वियतनाम में सड़क दुर्घटना ने ली झारखंड के दो योग शिक्षकों की जान, पार्थिव शरीर लाने की कोशिश में परिजन
जमशेदपुर/रांची: बेहतर रोजगार की तलाश में वियतनाम गए झारखंड के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान रांची निवासी राजा कुमार और जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। दोनों वियतनाम के डालाट शहर में योग शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को योग की कक्षा समाप्त करने के बाद दोनों स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान वे सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में राजा कुमार की उसी दिन मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय यादव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया गया कि दोनों युवक अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए विदेश में काम कर रहे थे। उनकी मौत की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अब परिजन दोनों के शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, शवों को वियतनाम से भारत लाने में लाखों रुपये का खर्च आने का अनुमान है। आर्थिक परेशानी को देखते हुए दोनों परिवारों ने शवों को भारत लाने के लिए मदद की गुहार लगाई है।
