रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा को लेकर परिषद की ओर से आवश्यक सूचना जारी कर दी गई है। परीक्षा राज्य के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी।
15 अक्टूबर से डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड
परीक्षा में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड परिषद की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in से डाउनलोड करना होगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक या किसी अन्य माध्यम से अभ्यर्थियों को नहीं भेजा जाएगा।
दो पालियों में होगी परीक्षा
पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसका समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा होगी, जो दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना जरूरी
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परिषद ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड जरूरी
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले जरूरी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा अतिरिक्त समय
दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी नियमानुसार श्रुति लेखक की सुविधा भी ले सकेंगे।
पहले जमा करना होगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र
श्रुति लेखक की सुविधा लेने के लिए पात्र अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र और संबंधित आवेदन परीक्षा से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा। प्रमाण पत्र के आधार पर पात्रता निर्धारित होने के बाद श्रुति लेखक की व्यवस्था की जाएगी।
