गम्हरिया : लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से OUR CLASSES – For Your Success में आयोजित Students Council Election 2026-27 का परिणाम 4 जुलाई को घोषित किया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया छात्रों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 20 जून को नामांकन के साथ हुई। इसके बाद 21 जून से 1 जुलाई तक उम्मीदवारों ने अपने विचार, योजनाएँ और विज़न विद्यार्थियों के सामने रखे। 3 जुलाई को मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
इस वर्ष कुल 8 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ा। घोषित परिणाम के अनुसार तनुजा प्रधान को कैप्टन, सलोनी कुमारी को वाइस कैप्टन तथा सोनालिका, स्पर्श एवं पार्वी महतो को कोऑर्डिनेटर चुना गया।
परिणाम घोषित होने के बाद संस्थान परिवार ने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर शिक्षकों सुजीत साहू, राहुल प्रसाद, मुस्कान एवं श्वेता ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी, टीमवर्क और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक श्री अमन यादव ने कहा कि Students Council केवल एक पद नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और सामूहिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम विद्यार्थियों और संस्थान के बीच एक मजबूत सेतु बनकर शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम एवं सामाजिक गतिविधियों में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के अंत में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों, मतदाताओं और सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। संस्थान प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नया छात्र नेतृत्व संस्थान को नई ऊर्जा, नई सोच और नई दिशा देने का कार्य करेगा।

