जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी के रोड नंबर 6 में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते
हुए लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना 25 मार्च की
दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब मकान मालिक अभिषेक कुमार अपने मामा के
श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए पिछले 10 दिनों से घर से बाहर थे। इसी
दौरान चोरों ने घर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर अलमारी और पेटी का ताला
तोड़ते हुए सोने-चांदी के गहनों सहित लाखों का सामान उड़ा लिया। पड़ोसियों से
सूचना मिलने पर अभिषेक कुमार तुरंत घर पहुंचे और सारा सामान बिखरा पाया, जिसके
बाद उन्होंने बागबेड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस
मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है
और सुराग जुटाने का प्रयास जारी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय
लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
करने व जल्द खुलासा करने की मांग की है।
Lastest News & Trending Hot Topics
