सरायकेला में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गम्हरिया के अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने केपी इंडेन एलपीजी गोदाम का औचक निरीक्षण किया, जहां उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालक कालीपद सोरेन भी मौजूद थे। अंचलाधिकारी ने सीधे उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं, जिसमें लोगों ने बताया कि लंबी कतार में लगने के बावजूद कई बार उनकी बारी आने से पहले ही सिलेंडर खत्म हो जाते हैं, जिससे उन्हें बार-बार लौटना पड़ता है। जांच के दौरान गोदाम के बही-खातों और स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें प्रतिदिन 700 से अधिक सिलेंडरों के वितरण की जानकारी सामने आई। उपभोक्ताओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और एजेंसी के बीच बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि जिन उपभोक्ताओं को उसी दिन सिलेंडर नहीं मिल पाता, उन्हें टोकन दिया जाएगा ताकि उन्हें बार-बार लंबी कतार में न लगना पड़े। इस नई व्यवस्था का उपभोक्ताओं ने स्वागत किया है। अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Lastest News & Trending Hot Topics
