पलामू: भाई को राखी बांधने मायके जा रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में महिला के पति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बाइक से मायके जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदाग निवासी आरती देवी शुक्रवार को अपने पति रंगीला सिंह के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। उनका मायके बरवाडीह इलाके में है।
नेशनल हाईवे 139 पर हुआ हादसा
इसी दौरान पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 139 पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में आरती देवी और उनके पति रंगीला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आरती देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति का इलाज जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि सड़क हादसे में आरती देवी नामक महिला की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल पहुंचे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
