रामगढ़ :- झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष रवि महतो ने बरवाड़ा थाना मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि थाना न्याय का केंद्र बनने के बजाय अन्याय का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला, बालू, खनन सहित विभिन्न अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों को थाना स्तर से संरक्षण अथवा सहयोग मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। रवि महतो ने कहा कि ऐसी नीतियों और व्यवस्था के कारण आज पूरा झारखंड त्रस्त है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलत कार्यों का समर्थन JLKM कभी नहीं करेगा, लेकिन जनप्रतिनिधियों के सम्मान से भी कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टाइगर जयराम महतो क्रांतिकारी विचारधारा के नेता हैं और उनके साथ जिस लहजे में संवाद किया जाएगा, संगठन उसी लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा। उनके समर्थन में पूरा संगठन और बड़ी संख्या में झारखंडी जनता खड़ी है। रवि महतो ने कहा कि यदि किसी संगठन द्वारा आंदोलन किया जाता है तो इसका अर्थ यह नहीं है कि JLKM के कार्यकर्ता और झारखंडी जनता चुप बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से प्रत्येक थाना स्तर पर आंदोलन और घेराव का कार्यक्रम चलाएगा तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा।उन्होंने कहा कि झारखंड में कोयला, बालू और खनन से जुड़े अवैध कारोबार तथा किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को संरक्षण देने वालों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और थाना आम जनता के लिए न्याय, सुरक्षा और भरोसे का केंद्र बनना चाहिए, न कि भय और अन्याय का।
Latest News & Trending Hot Topics
