सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कुम पंचायत के नुआगुड़ा गांव से रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। शाम करीब छह बजे श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक परिवार में श्रद्धा कर्म (श्राद्ध कार्यक्रम) आयोजित किया गया था। इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार एकत्रित हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे कार्यक्रम स्थल पर गिर गई।
वज्रपात होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
