रांची: राजधानी रांची में बस चालक से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना अरगोड़ा चौक के पास उस समय हुई, जब रांची से नालंदा जा रही ‘जीवन ज्योति’ बस नो-एंट्री के कारण सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान तीन बदमाश बस के पास पहुंचे, जिनमें से दो आरोपी बस में चढ़ गए और चालक की कनपटी पर हथियार सटाकर रंगदारी मांगने लगे। चालक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी, हालांकि ड्राइवर बाल-बाल बच गया। घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिस गश्ती दल और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को हथियार समेत मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने लगातार छापेमारी कर फरार दोनों आरोपियों के साथ हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार सोनी, अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, नितिन पांडेय उर्फ अमन और गोलू राम उर्फ गोलू बाल्मोकी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Lastest News & Trending Hot Topics
