जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 पार्ट-बी को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। NH-33 के राइट ऑफ वे (Right Of Way) में पाइपलाइन बिछाने को लेकर लंबे समय से चली आ रही तकनीकी बाधाएं अब लगभग दूर हो गई हैं। 13 मई को रांची से पहुंची NHAI की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर मैप और नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने अपनी फिजिबिलिटी रिपोर्ट कार्यपालक अभियंता को सौंप दी है, जिससे अब योजना का कार्य धरातल पर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इस पूरे मामले में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता की सक्रिय भूमिका अहम रही। उन्होंने पाइपलाइन रूट को लेकर आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार बैठकें और निरीक्षण किए। 26 मार्च को बालीगुमा क्षेत्र का निरीक्षण, 13 अप्रैल को जयपाल कॉलोनी के लोगों के साथ बैठक और 22 अप्रैल को NHAI, पेयजल विभाग व नगर निगम के साथ संयुक्त बैठक कर NOC को लेकर सहमति बनाई गई। NHAI ने बताया कि डिमना नाला के पास बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट के कारण पुराने पाइपलाइन रूट में बदलाव जरूरी था। जनहित और योजना में देरी रोकने के लिए वैकल्पिक रूट को मंजूरी दी गई है। कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने अंतिम रूट निर्धारण के लिए प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र भी भेज दिया है। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो की जनता को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा विभागीय समन्वय से तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को दूर कर लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वैकल्पिक रूट पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द शुरू किया जाए ताकि जल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
