जमशेदपुर: जमशेदपुर में आयोजित कुड़मी समाज की बैठक में कुड़मी विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने कुड़मी युवाओं को विशेष संदेश दिया। उन्होंने समाज के युवाओं से अपने हक़ और अधिकार की लड़ाई में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
शीतल ओहदार ने कहा कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) में कुड़मी समाज को पुनः शामिल करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को तेज़ करने के लिए युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। समाज तभी मजबूत होगा जब युवा अपनी जिम्मेदारी को समझें और आंदोलन की अगुवाई करें।
बैठक के दौरान कोल्हान प्रमंडल के लिए दस कार्यकारिणी सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई और संयोजक मंडली का गठन किया गया। इस मंडली में विशाल महतो, पोबीर महतो, बिष्णु देव महतो, सूरज महतो, अजय महतो, नरेश महतो, जयप्रकाश महतो, नीलाम्बर महतो, गौरंगो महतो और प्रेम महतो को शामिल किया गया।
संयोजक मंडली को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए शीतल ओहदार ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज के लिए एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाए। उन्होंने सभी संयोजकों से कहा कि कोल्हान के कुड़मी बहुल क्षेत्रों में जाकर जागरूकता अभियान चलाएँ और पंचायत स्तर तक अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ें। इससे समाज सशक्त बनेगा और भविष्य में बड़े आंदोलन प्रभावशाली ढंग से किए जा सकेंगे।
बैठक में कुड़मी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, कुड़मी विकास मोर्चा के संरक्षक दानी महतो, कोषाध्यक्ष सखिचन्द महतो, कुड़मी संस्कृति विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सपन महतो सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।