कांड्रा : थाना क्षेत्र के चाडरी के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित टाटा मैजिक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को निकालकर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में गुरुवारी कालिंदी, घनश्याम प्रधान, बबलू सामड़, निशा बानरा और उषा बानरा शामिल हैं, जो जमशेदपुर से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और यात्रियों की बार-बार चेतावनी के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इस दुर्घटना ने एक बार फिर जिले में चल रहे ट्रैफिक अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित है और सड़क पर सख्ती की कमी के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच के साथ चालक की तलाश जारी है।
Lastest News & Trending Hot Topics
