जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से लापता हुई 22 वर्षीय युवती पुलिस की तत्परता और समझाइश के बाद सकुशल अपने घर लौट आई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार पंचवटी नगर निवासी अमन कुमार सिंह की बहन रंजनी कुमारी 16 मई की सुबह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन और मोबाइल संपर्क के प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी बीच पता चला कि पड़ोस का युवक गोलू कुमार मंडल भी उसी दिन से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनारी थाना पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और अपनी पहल से युवती को समझाकर सुरक्षित घर वापस लाया। फिलहाल किसी भी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है और युवती के लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है।
