चांडिल प्रखंड के हिरमिली-दालग्राम गांव में गुरुवार रात दलमा वन्य प्राणी अभ्यारण्य से भटका एक विशाल ट्रस्कर हाथी घुस आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गर्मी के कारण घर के बाहर सो रही करीब 70 और 75 वर्षीय दो बुजुर्ग महिलाओं को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे घायल हो गईं। ग्रामीणों के शोरगुल और सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद हाथी ने एक राशन दुकान की खिड़की तोड़कर चावल सहित अन्य अनाज खाया और पास के धान खेतों को भी नुकसान पहुंचाया। गांव से निकलकर हाथी मुख्य सड़क और रेलवे ट्रैक पार करते हुए कदमडीह गांव पहुंच गया, जहां वह काफी देर तक घूमता रहा और लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं विभागीय लापरवाही को दर्शाती हैं। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए टॉर्च, पटाखे और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हाथियों के बढ़ते आतंक पर तत्काल नियंत्रण की अपील की है।
