चांडिल की बेटी बनी मिसाल: इंटर टॉपर अनामिका गोराई को मिला सम्मान, उच्च शिक्षा के लिए मिली आर्थिक मदद
सरायकेला : चांडिल प्रखंड के चालियामा गांव की इंटर कला संकाय की जिला टॉपर अनामिका गोराई को गुरुवार को “जन सेवा ही लक्ष्य” के संस्थापक व आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। अनामिका ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 500 में से 437 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है और वह शिवानंद विद्यापीठ प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा की छात्रा है। एक साधारण परिवार से आने वाली अनामिका के पिता ग्रामीण चिकित्सक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। हरे लाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही हैं और अनामिका की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया। वहीं अनामिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि वह आगे चलकर सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहती है। इस कार्यक्रम में कई स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल देखा गया।
