जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने रेलवे लोको कॉलोनी मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास एक कुएं में युवक का शव देखा। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
शव की पहचान बिहार के सिवान निवासी 40 वर्षीय वरुण कुमार तिवारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुबह नहाने के लिए पहुंचे कुछ लोगों ने जब कुएं में शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी। सूचना पाते ही थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया।
परसुडीह थाना के एएसआई भुविन महतो ने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है और मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।
मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि मृतक उस क्षेत्र में किस कारण आया था। घटना के बाद से इलाके में दहशत और कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

