बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, जिसमें 8 नक्सली मारे गए
झारखंड के बोकारो जिले में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। झारखंड
पुलिस और सुरक्षाबलों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में 8 नक्सली मारे गए हैं। पुलिस
मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में से कई इनामी नक्सली हैं
और अब तक 8 शव बरामद किए जा चुके हैं। यह मुठभेड़ एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली
विवेक के दस्ते के साथ हुई थी। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में
हथियार भी बरामद किए हैं।
लुगू पहाड़ की तलहटी में चला ऑपरेशन
यह मुठभेड़ बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में हुई। झारखंड पुलिस और सुरक्षाबलों को नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद ऑपरेशन के तहत सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया। इस दौरान नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस और केंद्रीय बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की।
इनामी नक्सलियों की हुई पहचान
मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। मारे गए 8 नक्सलियों में से तीन की पहचान इनामी माओवादी के रूप में हुई है। पुलिस मुख्यालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली कमांडर विवेक और 25 लाख रुपये के इनामी अरविंद यादव भी मारे गए हैं। बाकी माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।