पिछले साल एक से बढ़कर एक स्मार्टफोन मार्केट में लॉन्च हुए, जिसमें सैमसंग, गूगल और एप्पल के डिवाइस शामिल थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इतने सारे फोन्स में से जनता ने किसे सबसे ज्यादा प्यार दिया?
न तो वो कोई गूगल का फोन है और न ही सैमसंग का। तो फिर कौन सा डिवाइस है जो मार्केट में लोगों की पहली पसंद बना? आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं…
टॉप 3 में Apple का दबदबा
हाल ही में काउंटरपॉइंट की लेटेस्ट रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दुनिया के Best-Selling Smartphones के बारे में जानकारी दी गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार, स्मार्टफोन मार्केट में Apple का दबदबा देखने को मिला।
iPhone 15, 2024 का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन बनकर उभरा है। इसके अलावा, iPhone 15 Pro Max और iPhone 15 Pro पिछले साल दुनिया में दूसरे और तीसरे सबसे ज्यादा बिकने वाले स्मार्टफोन थे।
चौथे और छठे नंबर पर सैमसंग
iPhone 16 Pro Max, जो कुछ ही महीनों में लॉन्च हुआ, 2024 का पांचवां सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन बन गया है। वहीं, चौथे और छठे नंबर पर Samsung Galaxy A15 5G और Samsung Galaxy A15 4G का नाम शामिल है।
Apple के अलावा, टॉप 10 में सबसे ज्यादा बिकने वाले फोन की लिस्ट में Samsung एकमात्र ब्रांड है, जिसका Galaxy S24 Ultra सातवें स्थान पर है। दिलचस्प बात यह है कि कोई अन्य स्मार्टफोन ब्रांड इस लिस्ट में जगह नहीं बना पाया।
iPhone 15 क्यों हुआ इतना पॉपुलर?
दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन iPhone 15 अपने पिछले मॉडल की तुलना में कई अपग्रेड के साथ आया है। इसमें डायनेमिक आइलैंड, बेहतर डिस्प्ले, USB-C पोर्ट, 48 MP का हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरा और नए कलर ऑप्शन शामिल हैं।
ये है फोन के सबसे ज्यादा बिकने की वजह
2024 के अंत तक बड़े डिस्काउंट ऑफर्स के कारण iPhone 15 की बिक्री में काफी उछाल देखने को मिला। Apple को इस डिवाइस की ज्यादा यूनिट बेचने में मदद मिली, भले ही इसमें Apple इंटेलिजेंस सपोर्ट न हो। हालांकि, रिपोर्ट में बेची गई यूनिट की संख्या का खुलासा नहीं किया गया है।
