बोकारो: ललपनिया में लुगू बुरू घंटाबाड़ी धरोमगढ़ महोत्सव के अंतिम दिन पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, की पूजा-अर्चना
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत ललपनिया में हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले लुगू बुरू घंटाबाड़ी धरोमगढ़ राजकीय महोत्सव का कल तीसरा और अंतिम दिन धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ धरोमगढ़ पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए समाज में एकता, संस्कृति और परंपरा को सहेजने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री चमरा लिंडा, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, कई प्रशासनिक अधिकारी, तथा पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव भी उपस्थित रहे।
महोत्सव के इस अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचे। झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार और छत्तीसगढ़ से लेकर विदेशों तक से लोग अपने पारंपरिक वस्त्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ इस ऐतिहासिक स्थल पर एकत्रित हुए। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सांस्कृतिक एकता और विविधता का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
पूरे परिसर में भक्ति, उल्लास और लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। हर चेहरे पर भक्ति की चमक और हर कदम पर लुगू बुरू घंटाबाड़ी धरोमगढ़ की पुकार गूंजती रही, जिसने पूरे वातावरण को पवित्रता और आस्था से भर दिया।
