झारखंड में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से आसमान साफ रहेगा और राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे दिन में गर्मी का असर बढ़ने लगा है।
शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में दर्ज किया गया, जहां पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह और शाम हल्की ठंड के बावजूद दोपहर में अचानक तापमान बढ़ने से लोग परेशान हो रहे हैं।
राजधानी रांची का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे में तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री और पिछले 24 घंटे में 3.2 डिग्री अधिक रहा।
