रिम्स में डॉक्टर, नर्स और थर्ड व फोर्थ ग्रेड के स्टाफ के पदों पर बंपर बहाली शुरू हो गई है। यह नियुक्ति 418 पदों पर की जाएगी, जिनमें डॉक्टर के 150, नर्सों के 144 और थर्ड व फोर्थ ग्रेड के करीब 124 पद शामिल हैं। अब तक 350 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन की स्क्रीनिंग के बाद इसे शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और फिर चयनित उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इस मामले में रिम्स के निदेशक डॉक्टर राजकुमार ने जानकारी दी कि रिम्स में मैनपावर की कमी हो गई थी। पिछले दो-तीन सालों में अस्पताल में बेड की संख्या भी काफी बढ़ गई थी, जिसके कारण रिम्स में कई पद खाली थे। इसी कमी को दूर करने के लिए अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है।
डॉक्टर राजकुमार ने यह भी बताया कि रिम्स में कई ऐसे डॉक्टर और नर्स हैं जो रिटायर्ड हो चुके हैं और उनकी जगह अभी खाली है। रिम्स में नर्सों की संख्या की जरूरत से कम है। इसी कमी को पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि रिम्स में स्टाफ की कमी दूर हो जाती है, तो इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
