इन दिनों हर तरफ महाकुंभ की चर्चा हो रही है। यह महाकुंभ न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि यहां से कई अनोखी कहानियां भी सामने आईं। इसी दौरान मोती और रुद्राक्ष की माला बेचने वाली मोनालिसा, अपनी भूरी आंखों के कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। देशभर में उनकी खूबसूरती के चर्चे होने लगे। वायरल होने के बाद मोनालिसा को बॉलीवुड से भी ऑफर मिला है, और अब वह जल्द ही फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली हैं।
इस फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करेंगी मोनालिसा
मोनालिसा को निर्देशक और लेखक सनोज मिश्रा की फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में कास्ट किया गया है। उन्हें आधिकारिक रूप से इस फिल्म के लिए साइन कर लिया गया है। फिल्म की शूटिंग फरवरी में शुरू होगी, और अक्टूबर तक इसके पूरा होने की उम्मीद है। इसी साल बड़े पर्दे पर मोनालिसा की एक्टिंग देखने को मिलेगी।
लंदन में होगी फिल्म की शूटिंग
फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्रा ने बताया कि महाकुंभ में वायरल होने के बाद उन्होंने सबसे पहले मोनालिसा को फिल्म का ऑफर दिया था। इस फिल्म का बजट करीब 20 करोड़ रुपये रखा गया है। इसकी शूटिंग मणिपुर, दिल्ली और लंदन में होगी, और 8 फरवरी से लंदन में फिल्मांकन शुरू किया जाएगा।
फिल्म में होंगे ये कलाकार
फिल्म में मोनालिसा के साथ अभिनेता राजकुमार राव के बड़े भाई अमित राव मुख्य भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा, महेंद्र लोधी और भजन सम्राट अनूप जलोटा भी फिल्म का हिस्सा होंगे। सनोज मिश्रा इससे पहले धर्म के सौदागर, तराना और खून के इल्जाम जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं।
