आज जयराम महतो ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद (SNMMCH) अस्पताल का दौरा किया और कई वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक संजय कुमार चौरसिया से मुलाकात की और अस्पताल में व्याप्त समस्याओं पर चर्चा करते हुए 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल की व्यवस्था काफी नाजुक स्थिति में है। कई वार्ड ऐसे मिले जहां मरीजों और उनके परिजनों का प्रवेश करना मुश्किल था, और वार्डों में दुर्गंध का माहौल था। उन्होंने इन समस्याओं से अधीक्षक को अवगत कराया और इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
जयराम महतो ने कहा कि अस्पताल में कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर सदन में बहस की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि सदन के आगामी सत्र में इन सभी विषयों को उठाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल शुरू करने को लेकर भी अधीक्षक से चर्चा की गई। साथ ही, आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल और उनके नियमितीकरण के मुद्दे पर भी बातचीत की गई।
जयराम महतो ने यह भी कहा कि सरकारी अस्पतालों में सुधार लाने के लिए उनके प्रतिनिधि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर मामले को सदन में उठाया जाएगा ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार किए जा सकें।

