चीन में तेजी से फैल रहे ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (HMPV) का संक्रमण अब भारत में भी सामने आने लगा है। अब तक भारत में एचएमपीवी के तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से दो मामले कर्नाटक से और एक मामला गुजरात के अहमदाबाद से सामने आया है। अहमदाबाद में 2 महीने के एक बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
एम्स के डॉक्टर ने दी राहत की जानकारी
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने इस वायरस को लेकर कहा है कि एचएमपीवी कोई नया वायरस नहीं है। यह पहले से मौजूद वायरस है, और इसके खिलाफ लोगों में इम्यूनिटी भी पाई जाती है। डॉक्टरों ने कहा कि महामारी जैसी कोई संभावना नहीं है और यह वायरस मुख्य रूप से श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है। इसके लक्षण कोविड-19 जैसे हो सकते हैं, लेकिन यह ज्यादा खतरनाक नहीं है।
बच्चों के लिए ज्यादा खतरनाक
एचएमपीवी वायरस बच्चों, खासतौर पर शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। इस वायरस से संक्रमित बच्चों में सबसे सामान्य लक्षण खांसी, हल्का बुखार, घरघराहट, नाक बहना और गले में खराश देखे जा रहे हैं। गंभीर मामलों में सांस लेने में कठिनाई भी हो सकती है।
केंद्र और राज्य सरकार अलर्ट
गुजरात में सामने आए मामले में संक्रमित बच्चा मोडासा के पास एक गांव का रहने वाला है। बच्चे में सर्दी और बुखार के लक्षण पाए गए हैं, हालांकि उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं और स्थिति पर नजर रख रही हैं।
