जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगोड़ा कृति मैदान में रविवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मामला स्वर्गीय गृधा भूमिज की जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां अवैध निर्माण कराए जाने का आरोप सामने आया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार अवतार सिंह समेत कुछ स्थानीय लोगों पर विवादित जमीन पर निर्माणाधीन दीवार खड़ी कराने का आरोप है। इसकी सूचना मिलते ही गृधा भूमिज की बेटियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया।
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लोगों ने प्रशासन पर बिना उचित जांच के निर्माण कराने का भी आरोप लगाया।
इलाके में तनाव, जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
